पानीपत में 11 वर्षीय नाबालिग के साथ बलात्कार का मामला, आरोपी पर पोक्सो के तहत मुकदमा

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत में 11 वर्षीय नाबालिग के साथ बलात्कार का मामला, आरोपी पर पोक्सो के तहत मुकदमा


पानीपत, 25 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत जिले के एक गांव में पड़ोसी युवक ने 11 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने वारदात के बाद बच्ची को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात उनका परिवार घर के अंदर सो रहा था, जबकि उनकी 11 साल की बेटी बाहर आंगन में चारपाई पर सो रही थी। आरोप है कि आधी रात को पड़ोस में रहने वाले सौरभ नामक युवक ने पहले बच्ची को इशारों से अपने पास बुलाने की कोशिश की। जब बच्ची नहीं गई, तो आरोपी दीवार फांदकर घर के अंदर घुस आया। आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ की और उसके साथ बलात्कार किया। बलात्कार के बाद आरोपी ने बच्ची को डराया-धमकाया कि यदि उसने यह बात किसी को बताई, तो वह उसे जान से मार देगा। डर के मारे बच्ची उस समय चुप रही। आज जब बच्ची के पेट में तेज दर्द हुआ, तो उसकी चाची ने उससे पूछताछ की। काफी पूछने पर बच्ची ने रोते हुए अपने साथ हुई सारी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी मिली। जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

समालखा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सौरभ के खिलाफ घर में घुसपैठ, दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी और पोक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story