यमुनानगर:महिला से दुष्कर्म का आरोपी युवक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
यमुनानगर, 28 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के हमीदा पुलिस चौकी क्षेत्र में महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र की निवासी एक महिला ने शिकायत दी कि वह अपने पड़ोसी नाजिम के साथ अपने देवर को रेलवे स्टेशन छोड़ने गई थी। वापसी के दौरान आरोप है कि नाजिम उसे जबरन एक फैक्ट्री परिसर में ले गया व उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।
चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल मामला दर्ज किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व एएसआई सुदेश कुमारी ने किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाजिम पुत्र शराफत अली को हिरासत में लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

