कलेक्टर रेट बढ़ाकर जनता पर बोझ डालने की तैयारी में सरकार : सुरजेवाला
एक अप्रैल से कलेक्टर रेट बढ़ाने की योजना का करेंगे विरोध
चंडीगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा सरकार काे कलेक्टर रेट बढ़ाने के मुद्दे पर घेरते हुए कहा है कि एक अप्रैल से कलेक्टर रेट बढ़ाकर सरकार ने भाजपा वसूली की नई किश्त सेट कर दी है।
रविवार को चंडीगढ़ में जारी बयान में रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 9 महीने में ही प्रॉपर्टी खरीद-फरोख्त, रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी से 13,099 करोड़ की उगाही कर चुकी है। अब एक अप्रैल से कलेक्टर रेट में बढ़ोतरी के साथ 10,000 करोड़ की और वसूली की तैयारी है। यानी प्लॉट, फ्लैट या छोटा सा मकान बनाने का सपना देखने वाले हर हरियाणवी से कुल 23,000 करोड़ की लूट की जा रही है। शायद इसी वजह से विधायक खरीदने का रेट भी करोड़ों में पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि यह पिछले नौ महीने में दूसरी बार है जब भाजपा सरकार ने कलेक्टर रेट बढ़ाकर आम जनमानस को झटका दिया है। इससे पहले 1 अगस्त 2025 को भी यही खेल खेला गया था। 3 साल में सरकार ने प्रॉपर्टी रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी से कुल 33,562.35 करोड़ कमाए हैं, फिर भी रेट क्यों बढ़ा दिए। पहले से ही महंगाई की आग में जल रहे हरियाणा के लोगों पर ‘कलेक्टर रेट की वसूली’ का घी डालकर भाजपा किस बात का बदला ले रही है।
सुरजेवाला ने कहा कि क्या सरकार को लगता है कि हरियाणा के लोग सिर्फ टैक्स और वसूली के लिए हैं? घर बनाने का सपना देखने वाला हर युवा, हर मध्यम वर्गीय परिवार अब और महंगे प्लॉट-फ्लैट खरीदने को मजबूर हो जाएगा। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत जैसे एनसीआर जिलों में तो खलबली मच गई है। सुरजेवाला ने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव को लागू करने से पहले ही रद्द करने के आदेश जारी करे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

