पलवल में तेज रफ्तार वाहनों का कहर, बारात देखने गए 12 वर्षीय बालक समेत महिला की मौत, चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक 12 वर्षीय बालक और एक अज्ञात महिला की मौत होने का मामल सामने आया है। दोनों ही घटनाओं में वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेजकर जांच शुरू कर दी है।

चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गांव अलावलपुर निवासी राजेश ने शिकायत में बताया कि उनका 12 वर्षीय बेटा रोहन गांव में पलवल–मोहना मार्ग स्थित राधे वाटिका के पास बारात देखने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। परिजनों को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रोहन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।

एक अन्य हादसे में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर मित्रोल गांव के समीप वाहन की चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। महिला की दाहिनी कलाई पर हिंदी में ‘ओम’ गुदा हुआ है, जिससे उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। महिला मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रही थी और आसपास के क्षेत्र में घूमती देखी जाती थी।

जांच अधिकारी ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story