पलवल में हाईवे पर बदमाशों का तांडव: स्कॉर्पियो रोककर फायरिंग, हथौड़ों से तोड़ी गाड़ी

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर नकाबपोश बदमाशों द्वारा स्कॉर्पियो सवार पर जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने हथौड़े और डंडों से गाड़ी में तोड़फोड़ की, जिससे चालक घायल हो गया। होडल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी राजेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि बेढ़ा पट्टी होडल निवासी रोहित ने शिकायत में बताया कि 21 फरवरी की रात वह अपनी स्कॉर्पियो से करमन बॉर्डर से गांव लौट रहे थे। जब वह डबचिक पर्यटक केंद्र के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंचे, तभी गलत दिशा से आई एक सफेद बलेनो और पीछे से आई सफेद क्रेटा ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। रोहित के अनुसार, दोनों गाड़ियों से छह से अधिक नकाबपोश युवक बाहर निकले, जिनके हाथों में हथौड़े, डंडे और देसी कट्टे थे। आरोपियों ने स्कॉर्पियो के आगे के शीशे पर हथौड़े से हमला कर दिया, जिससे कांच टूटकर उनके चेहरे पर लगा। इसके बाद बदमाशों ने गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और उन पर हमला कर सिर और कंधे पर चोटें पहुंचाईं।

पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया था। जान बचाने के लिए वह गाड़ी को फुटपाथ पर चढ़ाकर वहां से निकल गए। इस दौरान आरोपियों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की और क्रेटा गाड़ी से पीछा भी किया, लेकिन वह किसी तरह बचकर निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। होडल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story