राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में एसआईटी की रिपोर्ट हो सार्वजनिक : शक्ति सिंह गोहिल

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में एसआईटी की रिपोर्ट हो सार्वजनिक : शक्ति सिंह गोहिल


चंडीगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने अयोध्या राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर कहा है कि यह विषय करोड़ों रामभक्तों की आस्था, विश्वास और श्रद्धा से जुड़ा है। इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में गोहिल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भगवान श्रीराम का पूरा सम्मान करती है। कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे प्रश्न किसी धर्म या आस्था के विरुद्ध नहीं, बल्कि रामभक्तों की आस्था के साथ हुए कथित विश्वासघात के संबंध में हैं।

शक्ति सिंह गोहिल ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की कथित चोरी कोई सामान्य घटना नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर गंभीर आघात है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 40 दिनों में सीसीटीवी कैमरों में 70 चोरी की घटनाएं रिकॉर्ड हुई हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि लंबे समय से एक संगठित तरीके से यह कार्य होता रहा।

उन्होंने कहा कि मंदिर उद्घाटन के बाद से हुई कथित चोरियों का कोई समुचित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है क्योंकि सीसीटीवी फुटेज केवल 45 दिनों तक सुरक्षित रखी जाती है और उसका बैकअप भी नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि हाल ही में करीब 80 लाख रुपये बरामद होने की खबरों ने इस पूरे मामले पर और गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राष्ट्रीय प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं द्वारा दान की गई बहुमूल्य सामग्री का कोई पारदर्शी रिकॉर्ड नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की मांग है कि एसआईटी जांच रिपोर्ट तत्काल सार्वजनिक की जाए। राम मंदिर ट्रस्ट को भंग किया जाए। कथित घोटाले में शामिल सभी जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह,सह प्रभारी जितेंद्र बघेल,महिला कांग्रेस चेयरपर्सन पर्ल चौधरी तथा सोशल मीडिया की अध्यक्ष मोनिका डुमरा उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story