राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग : विधानसभा में इनेलाे का भाजपा व कांग्रेस पर प्रहार

WhatsApp Channel Join Now

सदन में चर्चा की मांग, नाम बताओ, सच सामने लाओ के लगे नारे

चंडीगढ़, 17 मार्च (हि.स.)। राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग का मुद्दा अब नया सियासी मोड़ लेता दिख रहा है। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विधानसभा में नियम-84 के तहत चर्चा की मांग कर दी है। इनेलो विधायक दल के नेता आदित्य देवीलाल और विधायक अर्जुन चौटाला ने प्रस्ताव रखते हुए कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि किन-किन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और इसके पीछे क्या कारण रहे।

आदित्य देवीलाल ने सदन में कहा कि राज्यसभा चुनाव इस बार सिर्फ राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा में चर्चा का विषय बन गया था। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और शहर-शहर में लोग हर पल नजर बनाए हुए थे। ऐसे में सच सामने आना जरूरी है। इनेलो ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर सीधा हमला बोलते हुए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोप लगाए।

देवीलाल ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है। पहले भी राज्यसभा चुनाव और अन्य मामलों में वोटों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार भी करोड़ों में सौदे हुए और जनता के भरोसे के साथ खिलवाड़ किया गया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए देवीलाल ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस को सब पता था, तो उसने तुरंत खुलासा क्यों नहीं किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इनेलो को कांग्रेस की ‘बी-टीम’ बताए जाने पर भी देवीलाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जो गड्ढा कांग्रेस के लिए खोदा था, उसमें खुद गिर गई। उनके अपने सदस्य का वोट भी रद्द हुआ। इनेलो ने यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे घटनाक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंची है और संविधान की भावना के खिलाफ काम हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story