जींद : बिजली निगम कर्मियों एवं इंजीनियरों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया

WhatsApp Channel Join Now
जींद : बिजली निगम कर्मियों एवं इंजीनियरों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया


जींद, 03 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को नरवाना स्थित बिजली निगम के एक्सईएन कार्यालय पर कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बिजली विभाग के निजीकरण, स्मार्ट मीटर योजना तथा कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए आगामी 11, 12 और 13 अगस्त को होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल को पूरी ताकत से सफल बनाने का आह्वान किया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संयुक्त संघर्ष मोर्चा के राज्य प्रधान सुरेश राठी ने कहा कि हरियाणा सरकार बिजली विभाग में निजीकरण को बढ़ावा देने, स्मार्ट मीटर योजना लागू करने तथा बिजली निगमों को कमजोर करने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है। संयुक्त संघर्ष मोर्चा इन नीतियों का पुरजोर विरोध करता है और किसी भी कीमत पर बिजली विभाग के निजीकरण को सफल नहीं होने देगा। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मचारी और अधिकारी विभाग को मजबूत बनाने तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए एकजुट हैं। सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा। राठी ने सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि 11, 12 और 13 अगस्त की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लें और इसे ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल कर्मचारियों का नही बल्कि बिजली विभाग और आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा का भी संघर्ष है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने निजीकरण, स्मार्ट मीटर योजना तथा कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। वक्ताओं ने सरकार से कर्मचारी हितों में सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा। अंत में संयुक्त संघर्ष मोर्चा ने सभी बिजली कर्मचारियों, अभियंताओं एवं अधिकारियों से एकजुट होकर हड़ताल को सफल बनाने और आंदोलन को मजबूत करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story