यमुनानगर:बारिश से बदला मौसम, फसलों पर संकट की आशंका

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 20 मार्च (हि.स.)। जिला यमुनानगर में शुक्रवार को हुई वर्षा ने मौसम के स्वरूप में अचानक बदलाव ला दिया। दिनभर जारी फुहारों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में ठंडक बढ़ गई और जनजीवन पर इसका असर देखने को मिला। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते हुआ है। बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य गतिविधियां प्रभावित रहीं।

बाजारों में भी अपेक्षाकृत कम रौनक दिखाई दी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ा है। कृषि क्षेत्र में भी इस मौसम परिवर्तन ने चिंता बढ़ा दी है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने गेहूं की फसल को संभावित नुकसान की आशंका जताई है। रादौर के कृषि विकास अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार ने बताया कि लगातार नमी और खेतों में जलभराव की स्थिति फसल की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकती है। विशेष रूप से जिन खेतों में फसल झुक गई है, वहां नुकसान की संभावना अधिक है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे अपने खेतों की नियमित निगरानी करें और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि फसल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

डॉ. सुरेंद्र कुमार ने यह भी कहा कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा कराया हुआ है, वे संभावित क्षति की स्थिति में 72 घंटे के भीतर संबंधित कृषि कार्यालय में सूचना दर्ज कराएं। इसके उपरांत विभागीय प्रक्रिया के अनुसार नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बारिश के इस दौर ने जहां मौसम को राहत भरा बनाया है, वहीं किसानों और व्यापारियों के लिए नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story