हिसार : जिले में झमाझम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, धान को फायदा
36 एमएम बारिश से थमा पारा, शहर की कई कॉलोनियों में जलभराव, लोग
परेशान
मानूसन सीजन में हिसार में अभी भी सामान्य से 21 फीसद कम बारिश
हिसार, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले में सुबह से शाम तक रुक-रुक कर हुई
बारिश और रात भर रही बूंदाबांदी ने पिछले काफी समय से गर्मी और उमस की मार झेल रहे
आमजन को बड़ी राहत दी है। बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे
मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, जहां एक ओर इस बारिश ने शहर के निचले इलाकों को जलमग्न
कर दिया, वहीं दूसरी ओर खरीफ की फसलों के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद साबित हुई है।
उधर, आईएमडी के अनुसार सुबह 8:30 बजे तक शहर में लगभग 19 मिलीमीटर
बारिश दर्ज की गई, जबकि सुबह 8:30 बजे से शाम के बीच 17 एमएम और बारिश हुई। कुल मिलाकर
करीब 36 एमएम बारिश दर्ज की गई। मानसून सीजन की बात की जाए तो अब तक हिसार में
144.7 एमएम बारिश हुई है, जबकि 184.2 एमएम बारिश होनी चाहिए थी। ऐसे में चालू सीजन
में सामान्य से 21 फीसद कम बारिश हुई है। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 24 तथा अधिकतम
तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। तापमान में आई इस गिरावट
से लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है।
शनिवार सुबह के समय हुई तेज बारिश के चलते शहर में बरसाती पानी के निकासी
के प्रशासन के दावों की पोल फिर खुल गई। बारिश के कारण शहर के कई निचले क्षेत्रों में
पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना
करना पड़ा। कई मुख्य रास्तों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। खासकर अर्बन एस्टेट,
दिल्ली रोड, इंडस्ट्रीयल एरिया, जवाहर नगर, कृष्णा नगर, आजाद नगर, साकेत कॉलोनी, आदर्श
नगर, सूर्य नगर, शिव नगर, शिव कॉलोनी, तरसेम नगर, नई सब्जी मंडी रोड, पुरानी सब्जी
मंडी रोड, बड़वाली ढाणी, महावीर कॉलोनी, मोहल्ला सैनियान, ऋषि नगर, राजीव नगर, उत्तम
नगर, विजय नगर समेत कई स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में दिक्क्तों को
सामना करना पड़ा।
लंबे समय से बारिश न होने के कारण खेतों में खड़ी बाजरा, ज्वार और
धान की फसलें मुरझाने लगी थीं, जिससे किसान बेहद चिंतित थे। आज हुई यह 35 एमएम बारिश
फसलों के लिए संजीवनी बनकर बरसी है। इस बारिश से न केवल फसलों को नया जीवन मिला है,
बल्कि किसानों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है।
अगले 3-4 दिनों तक मानसून की झमाझम बारिश : डॉ. चंद्र मोहन
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार हरियाणा में सुस्त और कमजोर
मानसून को एक बार फिर से पंख लग गए हैं। इसकी वजह पिछले तीन चार दिनों से लगातार मानसून
गतिविधियां देखने को मिल रही है और आने वाले 3-4 दिनों में लगातार मानसून की झमाझम
बारिश और मानसून की सक्रियता में बढ़ोतरी और इजाफा देखने को मिलेगी और सम्पूर्ण इलाके
में पिछले काफी दिनों से उमसभरी पसीने छुटाने वाली गर्मी से आमजन को राहत के साथ खरीफ
फसलों को अमृत तुल्य बारिश से जीवन दान मिलेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

