पानीपत: रेलवे अंडरपास में हो रही देरी से गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: रेलवे अंडरपास में हो रही देरी से गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


पानीपत, 26 जुलाई (हि.स.)। पानीपत की तहसील समालखा में गांव मनाना-नरायणा रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन अंडरपास के कार्य की धीमी गति और बदले गए लेआउट प्लान को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। रविवार को ग्रामीणों ने फाटक के पास एकत्र होकर निर्माण कार्य में हो रही देरी और लेआउट प्लान में बदलाव के खिलाफ जोरदार

प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार द्वारा अंडरपास का निर्माण कार्य आठ माह में पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। उनका यह भी कहना है कि अंडरपास की ऊंचाई नक्शे के अनुसार नहीं रखी गई है, जिससे चारे, गन्ने और कृषि उपज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का निकलना मुश्किल होगा।

सरपंच पति प्रवीण ने जानकारी दी कि मनाना-नरायणा रेलवे फाटक पर अंडरपास का निर्माण कार्य 10 मई 2025 से चल रहा है। प्रारंभिक लेआउट प्लान में मनाना रोड और नरायणा रोड दोनों ओर मार्ग प्रस्तावित था, लेकिन बाद में नक्शे में बदलाव कर मनाना रोड की ओर जाने वाला मुख्य रास्ता बंद कर दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि इस बदलाव से नगर परिषद समालखा की वैध राजीव कॉलोनी वार्ड-17 सहित मनाना, खलीला और आसपास के गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लोगों को अब नरायणा रोड से घुमावदार और संकरे रास्ते का उपयोग करना होगा, जिससे आवागमन और कृषि कार्य प्रभावित होंगे।

ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि राजीव कॉलोनी वार्ड-17, मनाना, खलीला और अन्य गांवों के लिए पहले की तरह सीधा और सुविधाजनक मार्ग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि जल्द ही केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंपकर गांव की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। इससे पहले समालखा के विधायक मनमोहन भड़ाना को भी लिखित ज्ञापन दिया जा चुका है, जिन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। लेकिन पूरा नहीं हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story