यमुनानगर:रेलवे ट्रैक जाम करने पर किसान नेताओं को नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:रेलवे ट्रैक जाम करने पर किसान नेताओं को नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी


यमुनानगर:रेलवे ट्रैक जाम करने पर किसान नेताओं को नोटिस, कार्रवाई की चेतावनी


यमुनानगर, 07 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले के क्षेत्र में रेलवे पुलिस ने किसान संगठन से जुड़े पदाधिकारियों के आवास पर नोटिस चस्पा कर उन्हें निर्धारित तिथि तक पेश होने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई वर्ष 2024 में हुए रेलवे ट्रैक जाम प्रकरण से संबंधित बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित मामले में किसानों द्वारा मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर बैठकर प्रदर्शन किया गया था, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ था। इस प्रकरण में रेलवे अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

अब जांच प्रक्रिया के तहत संबंधित व्यक्तियों को गवाही देने और अन्य आरोपियों की पहचान के लिए बुलाया गया है। जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर उपस्थित न होने की स्थिति में विधिक कार्रवाई की जाएगी। रेलवे प्रशासन ने सुनवाई के लिए 10 अप्रैल की तिथि तय की है। किसान संगठन के पदाधिकारियों ने इस कदम पर आपत्ति जताते हुए इसे अनुचित बताया है। उनका कहना है कि उस समय प्रदर्शन स्थानीय समस्याओं को लेकर किया गया था और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया था। संगठन का आरोप है कि वादों को पूरा नहीं किया गया और अब लंबे समय बाद कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मामले वापस नहीं लिए गए तो दोबारा आंदोलन किया जा सकता है। वहीं, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कानून के प्रावधानों के तहत की जा रही है और सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर दिया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story