हिसार : हिसार के डीए के 25 वर्षीय बेटे की मौत, श्रीलंका में राफ्टिंग बनी काल

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : हिसार के डीए के 25 वर्षीय बेटे की मौत, श्रीलंका में राफ्टिंग बनी काल


हादसे से कुछ घंटे पहले पिता से हुई थी वीडियो कॉल

मौसम खराब होने पर राफ्टिंग के लिए जाने से किया था मना, दो दोस्त गंभीर

हिसार, 15 सितंबर (हि.स.)। श्रीलंका घूमने गए हिसार के जिला अटॉर्नी (डीए)

सुनील परुथी के 25 वर्षीय बेटे समृद्ध परुथी की समुद्र में राफ्टिंग के दौरान डूबने

से मौत हो गई। हादसे में उसके दो दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें समुद्र

से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समृद्ध 15 दोस्तों के साथ 9 सितंबर को

श्रीलंका गया था और 16 सितंबर को हिसार लौटना था।

हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि घटना से कुछ घंटे पहले ही समृद्ध ने अपने

पिता से वीडियो कॉल पर बात की थी। उसने पिता को बताया था कि वह समुद्र में राफ्टिंग

के लिए जा रहा है। मौसम खराब होने की बात कहते हुए पिता ने उसे राफ्टिंग के लिए जाने

से मना किया था और समुद्र में अधिक गहराई तक नहीं जाने की हिदायत दी थी, लेकिन समृद्ध

दोस्तों के साथ राफ्टिंग के लिए चला गया।

जिला बार एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप बाजिया ने बताया कि सोमवार को राफ्टिंग

के दौरान समृद्ध और उसके दो दोस्त समुद्र में डूब गए। दोनों दोस्तों को बाहर निकालकर

अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। समृद्ध को भी अस्पताल

ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार देर शाम परिवार को मिली। इसके बाद समृद्ध के चाचा और जीजा फ्लाइट से श्रीलंका के कोलंबो

पहुंच गए।

समृद्ध ने नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, मुंबई से बीबीए किया

था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह हिसार में अपना बिजनेस शुरू करने की तैयारी कर रहा था।

बेटे के साथ समय बिताने और उसका बिजनेस हिसार में स्थापित कराने के लिए उसके पिता ने

15 दिन की छुट्टी ली थी। परिवार को उम्मीद थी कि बेटा जल्द ही अपना कारोबार शुरू करेगा,

लेकिन श्रीलंका में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

समृद्ध की बहन की भी कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। उसके दादा ज्ञानचंद भूना

के सरपंच रह चुके हैं। हादसे की सूचना हिसार अदालत परिसर में पहुंचते ही अधिवक्ताओं

में शोक की लहर दौड़ गई। जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने डीए सुनील

परुथी के प्रति संवेदना व्यक्त की। हादसे के चलते मंगलवार को अदालत में वर्क सस्पेंड

रखा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story