सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएं : नसीम अहमद

WhatsApp Channel Join Now
सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएं : नसीम अहमद


नूंह, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को फिरोजपुर झिरका में रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक नसीम अहमद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत नवाब शमसुद्दीन स्टेडियम से हुई। यहां से दौड़ में शामिल प्रतिभागी दयानंद पब्लिक स्कूल तक पहुंचे। इस दौरान युवाओं और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पूर्व विधायक नसीम अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश के प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने स्वतंत्रता के बाद देश की 565 रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और प्रशासनिक कुशलता के कारण देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और एकता की प्रेरणा देता रहेगा।

नसीम अहमद ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक व्यवस्था के निर्माण में भी सरदार पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने अखिल भारतीय सेवाओं को देश की प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ माना। गुजरात में स्थापित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति योगदान की प्रतीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769943 Articles

Share this story