हांसी के सात निशानेबाजों ने किया स्टेट चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई
अब प्री-नेशनल में करेंगे प्रदेश का प्रतिनिधित्व,
अकादमी में जश्न का माहौल
हिसार, 12 जून (हि.स.)। हिंदू शूटिंग अकादमी के
सात निशानेबाजों ने स्टेट चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर अकादमी का नाम रोशन किया
है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से अकादमी में जश्न का माहौल है। अब ये सभी खिलाड़ी प्री-नेशनल
प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
स्टेट चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने वालों
में राइफल वर्ग से मान्या और जयंत शामिल हैं। वहीं पिस्टल वर्ग से सरिता, अक्षत, कार्तिक,
दक्ष और दक्ष पूनिया ने अपनी जगह पक्की की है। प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ियों ने धैर्य,
आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया।
अकादमी के प्रशिक्षक अनिल कुमार और सतबीर सिंह
ने शुक्रवार काे बताया कि सभी खिलाड़ी लंबे समय से नियमित अभ्यास और कठिन प्रशिक्षण कर रहे थे। उन्होंने
कहा कि खिलाड़ियों ने शारीरिक और मानसिक दोनों स्तर पर खुद को तैयार किया, जिसका नतीजा
आज सामने है। यह सफलता खिलाड़ियों के समर्पण और परिवारों के सहयोग का भी प्रमाण है।
हिंदू शूटिंग अकादमी के संचालक अनिल कुमार ने
बताया कि अकादमी का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को उचित प्रशिक्षण
देकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। मौजूदा उपलब्धि इसी दिशा में
अहम कदम है।
उन्होंने कहा कि अकादमी को भरोसा है कि प्री-नेशनल में भी
खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगे। अकादमी परिवार
ने मान्या, जयंत, सरिता, अक्षत, कार्तिक, दक्ष और दक्ष पूनिया को बधाई देते हुए उज्ज्वल
भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

