सिरसा: राष्ट्र निर्माण और उसकी रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर की भावना रखनी होगी: डिप्टी स्पीकर

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: राष्ट्र निर्माण और उसकी रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर की भावना रखनी होगी: डिप्टी स्पीकर


सिरसा, 02 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि प्रत्येक भारतवासी को राष्ट्र के निर्माण और उसकी रक्षा के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने की भावना रखनी होगी। राष्ट्र विकसित होगा तो समाज का हर वर्ग आगे बढेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित राष्ट्र का लक्ष्य रखा है, हम सबका भी दायित्व है कि हम राष्ट्र निर्माण में अपना पूर्ण योगदान दें। डॉ. मिड्ढा शुक्रवार को सिरसा जिले के रानियां शहर में पंजाबी महासभा द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

डा. मिड्ढा ने कहा कि देश का विभाजन केवल जमीन का नहीं था, वह दिलों का विभाजन था। आजादी के समय लाखों लोगों ने शहादत दी। जब 15 अगस्त 1947 को देश आजाद होने वाला था, तब पूरे भारत में खुशी की लहर थी। हर मन में आजादी का उत्साह था, लेकिन किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि उस आजादी की कीमत इतनी भयावह होगी, हम अपने ही अपनों से बिछड़ जाएंगे, कि हमें अपने माता-पिता, बहन-बेटियों से अलग होना पड़ेगा। उस समय जो हालात बने, वे इंसानियत को झकझोर देने वाले थे। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। देश की आवाज पूरी दुनिया में गूंज रही है। विश्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत का डंका बजाया है, आज केवल भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी भगवान राम के मंदिर बन रहे हैं।

डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि आजादी के समय कोई एक जाति या एक समुदाय नहीं था हर जाति, हर वर्ग, हर धर्म के लोगों अपने योगदान दिया था। धर्म की रक्षा के लिए असंख्य लोगों ने प्राण त्याग दिए लेकिन धर्म नहीं छोड़ा, धर्म की रक्षा के लिए जान की चिंता नहीं की। उन्होंने कहा कि समाज तभी मजबूत होता है जब वह साथ चलता है। अपने त्योहारों को जीवित रखिए, लोहड़ी आने वाली है, पूरे परिवार के साथ मिलकर मनाइए। उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज ने हमेशा मेहनत, सेवा, राष्ट्रभक्ति और बलिदान की मिसाल पेश की है।

समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, पूर्व चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज, पूर्व जिलाध्यक्ष शीशपाल कंबोज, अमीर चंद मेहता सहित भारी संख्या में आमजन मौजूद रहे। सम्मान समारोह में आईएफएस अधिकारी यशिका मेहता तथा जीएसटी इंस्पेक्टर श्वेता छाबड़ा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन ललित मोहन पोपली, सीएम एमिनेंट पर्सन पिंचु कालड़ा, मंडल अध्यक्ष सरोज बाला को भी सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story