जींद : पेयजल आपूर्ति के संचालन व रखरखाव में 16 गांव बनेंगे रॉल मॉडल

WhatsApp Channel Join Now
जींद : पेयजल आपूर्ति के संचालन व रखरखाव में 16 गांव बनेंगे रॉल मॉडल


जींद, 26 मई (हि.स.)। प्रदेश की ग्राम पंचायतें अब ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के संचालन और रखरखाव के कार्यों को स्वयं संचालित करने में सक्षम होंगी। इसी संबंध में राज्य के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये राज्य के सभी उपायुक्त के साथ समीक्षा बैठक ली। समीक्ष बैठक की अध्यक्षता जिला उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने की।

इस बैठक के बाद डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि सरकार ने पंचायतों को पेयजल आपूर्ति के प्रबंधन, संचालन तथा विभिन्न प्रशासनिक निर्णय लेने के अधिकार प्रदान किए गए हैं। पंचायतें आवश्यकता अनुसार पेयजल दरों में संशोधन कर नई दरें लागू कर सकेंगी तथा अवैध कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई भी कर सकेंगी।

जिला जींद में 16 ग्राम पंचायतों को बनाया जाएगा रोल मॉडल

जिला सलाहकार रणधीर मताना ने मंगलवार को बताया कि जिला जींद में 16 ग्राम पंचायतों को इस योजना के तहत रॉल मॉडल गांव बनाया जाएगा। जिसमें से खुंगा गांव में यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। इस योजना में ग्रामीण जल प्रणाली के संचालन एवं रखरखाव हेतु सरकारी व सामुदायिक भागीदारी आधारित संचालन एवं रखरखाव नीति 2026 को जल्द धरातल पर लागू करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

योजना को दो चरणों में लागू किया जाएगा। प्रथम चरण में सिंगल पंचायत मेंटेनेंस योजना वाली जिले की 245 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। जबकि दूसरे चरण में एक से अधिक पेयजल स्कीम वाली 55 पंचायतों में इस योजना को लागू किया जाएगा। नई ऑपरेशनल पॉलिसी के तहत प्रत्येक 500 घरों पर एक महिला को पेयजल कनेक्शन, पानी के नमूने लेने, बिल भरवाने तथा अन्य संबंधित कार्यों के लिए तैनात किया जाएगा। 500 से अधिक घर होने पर दो महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story