कैथल: समाधान शिविर में अधिकारियों ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध समाधान के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: समाधान शिविर में अधिकारियों ने सुनीं लोगों की समस्याएं, समयबद्ध समाधान के निर्देश


कैथल, 23 नवंबर (हि.स.)। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

शिविर में आधार कार्ड में त्रुटियां ठीक करवाने, सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटवाने, आर्थिक सहायता, आवास योजना की लंबित किस्त जारी करवाने, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा के डाटा में सुधार और परिवार पहचान पत्र से संबंधित शिकायतें सामने आईं। शिविर में गांव संगतपुरा निवासी सुभाष ने पंचायती जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत दी। इस पर सीईओ ने बीडीपीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शक्तिनगर निवासी झंडू ने बताया कि आधार कार्ड में बायोमेट्रिक अपडेट करवाने के बावजूद उनका आधार नंबर रद्द दिखाया जा रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार शक्तिनगर निवासी सुखविंद्र ने बताया कि बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण उनके घर में आग लग गई, जिससे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की। इस पर सीटीएम को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। गांव कुराड़ निवासी जिले सिंह ने आईएवाई योजना के तहत तीसरी किस्त लंबित होने की शिकायत रखी। गांव देवबन निवासी राजेंद्र ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर दर्ज डाटा में सुधार करवाने तथा चंदाना गेट निवासी शीशपाल ने चंदाना गेट पर अतिक्रमण हटवाने की मांग रखी। इन शिकायतों पर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जिला परिषद के सीईओ गुलजार मलिक ने कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story