कैथल: समाधान शिविर में पीएम आवास योजना की किस्त समेत कई शिकायतें पहुंचीं

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: समाधान शिविर में पीएम आवास योजना की किस्त समेत कई शिकायतें पहुंचीं


कैथल, 05 नवंबर (हि.स.)। एसडीएम संजय कुमार ने लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए। शिविर में सीवरेज व्यवस्था, पोल सहित स्ट्रीट लाइट लगवाने, सड़क दुरुस्तीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।

गांव कुकरकंडा निवासी बलराज सिंह ने खेत की निशानदेही करवाने की शिकायत रखी। इस पर राजस्व अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए शिकायत भेजते हुए नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए गए। वहीं, गांव चौशाला निवासी रणधीर सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग जम्मू-कटरा रोड पर खेतों में आने-जाने के लिए रास्ता खुलवाने की मांग रखी। इस पर एनएचएआई और डीआरओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए। वार्ड नंबर 13, कैथल गेट निवासी बलबीर सिंह ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने की मांग रखी, जबकि आदर्श नगर की गली नंबर 8 के निवासी ने सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से अवगत करवाया। इन शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

चिरंजीव कॉलोनी के निवासियों ने सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करवाने की मांग उठाई। वार्ड नंबर 6 में 33 फुटा रोड पर पोल सहित स्ट्रीट लाइट लगवाने, वार्ड नंबर 18 के पटेल नगर में आधार कार्ड दुरुस्त करवाने तथा सेक्टर-19 के निवासियों ने वार्ड नंबर 11 में सड़क की मरम्मत करवाने की शिकायत रखी। इसके अलावा अमरगढ़ गामड़ी निवासी शमशेर सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित किस्त जारी करवाने की मांग की। एसडीएम ने सभी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772689 Articles

Share this story