जींद : बिजली निगम कर्मियों ने फूंका सरकार का पुतला
जींद, 20 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को एसई कार्यालय पर बिजली कर्मचारियों एवं इंजीनियरों द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारी बिजली कर्मियों ने इलेवन कंपनी को लाइसेंस देने के विरोध में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री, सीएम, एचईआरसी अध्यक्ष का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्कल सचिव धर्मभीर भंभेवा, सुनील छाछिया, विकास मलिक ने सयुंक्त रूप से की। जबकि मंच संचालन सर्कल सचिव अनिल पूनिया ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए उपप्रधान संजीव ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा बिजली क्षेत्र में लिए जा रहे कर्मचारी एवं उपभोक्ता विरोधी निर्णयों, स्मार्ट मीटर योजना, बिजली वितरण निगमों के पुनर्गठन, पावर लाइसेंस जारी करने तथा कर्मचारियों की लंबित मांगों की लगातार अनदेखी के कारण कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया है। जिससे आंदोलन को और तेज किया गया है।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे आगामी 22 से 24 अक्टूबर की प्रस्तावित हड़ताल में बढ़चढ़ कर भाग लें। सभा के अंत में सभी उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जब तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। 21 अक्टूबर बुधवार को जींद की सभी सब यूनिटों पर इलेवन कंपनी को दिए गए लाइसेंस की प्रतियां जलाई जाएगी। इस मौके पर वीरेंद्र गोयत, कृष्ण नैन, जयबीर शर्मा, संदीप पूनिया सहित अनेक कर्मचारी नेता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

