हिसार में युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन करके फूंका एचपीएससी के चेयरमैन का पुतला
सरकार व आयोग पर लगाया युवा विरोधी नीति अपनाने
का आरोप
हिसार, 16 जनवरी (हि.स.)। प्रदेश में रोजगार के
मसले पर युवा कांग्रेस ने यहां प्रदर्शन किया और एचपीएससी चेयरमैन का पुतला फूंककर
रोष जताया। युवा कांग्रेसियों ने एचएयू के गेट नंबर 4 के सामने जमकर नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन करते हुए
भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया। प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का
युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, लेकिन सरकार और एचपीएससी की नीतियां युवाओं को न्याय
दिलाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही हैं। कटारिया ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रियाओं
में देरी, पारदर्शिता की कमी और बार-बार नियमों में बदलाव के कारण योग्य युवा हताश
हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा लोक सेवा आयोग का मूल उद्देश्य निष्पक्ष और समयबद्ध
भर्ती करना है लेकिन वर्तमान में आयोग युवाओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पा रहा।
कई भर्तियां वर्षों से लटकी हुई हैं, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं
ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने सरकार की कथित युवा विरोधी नीतियों
की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने के वादों में पूरी तरह असफल रही
है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर युवाओं
को कोई ठोस लाभ नहीं मिल रहा।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य
तौर पर ग्रामीण जिला अध्यक्ष सोविन भाटला, शहरी जिलाध्यक्ष विकास ढांडा, हिसार विधानसभा
अध्यक्ष भारत सोनी, बरवाला विधानसभा अध्यक्ष सुनील बेरवाल, आदित्य मान नलवा, अजय मलिक,
अंकुश पूनिया, हांसी विधानसभा अध्यक्ष अजय बेरवाल, ब्लॉक अध्यक्ष लोकेश, विकास बनभोरी
व बागी राणा सहित अनेक युवा कांग्रेसी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

