सिरसा: पेयजल व सिंचाई पानी की मांग पर किसानों ने लगाया धरना

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: पेयजल व सिंचाई पानी की मांग पर किसानों ने लगाया धरना


सिरसा, 24 मई (हि.स.)। जिले के नाथूसरी चोपटा खंड में पेयजल व सिंचाई पानी संकट को लेकर क्षेत्र के किसानों ने रविवार को सिंचाई विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि कुतियाना माइनर और जमाल माइनर के टेल तक पानी सही मात्रा में नहीं पहुंच रहा, जिससे गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है और किसानों की फसलें भी प्रभावित हो रही हैं।

किसानों का कहना है कि हाल ही में एक दिन पानी आया था, लेकिन उसके बाद पानी का स्तर अचानक कम हो गया। इससे खेतों की सिंचाई का कार्य रूक गया है और पीने के पानी की समस्या पैदा हो गई है। किसानों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण अंतिम छोर के गांवों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा।

ग्रामीण देवीलाल खीचड़, अशोक साहू, अजय बेनीवाल, प्रहलाद बेनीवाल, मांगेराम कसवां, सुशील कुमार, सुरेंद्र सिंह और सतबीर सिंह सहित आदि ने कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों को बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन और सिंचाई विभाग से मांग की कि टेल तक पर्याप्त पानी पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके। गौरतलब है कि अगस्त 2023 में पीने के पानी की समस्या को लेकर गांव जमाल के दो ग्रामीण पानी की टंकी पर चढ़ गये थे। एक सप्ताह के बाद अधिकारियों द्वारा आश्वासन देने के बाद ग्रामीण टंकी से नीचे उतरे थे, लेकिन तीन साल बाद भी गर्मियों में यह समस्या जस की तस बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story