सिरसा: आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी इनेलो

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में सड़कों पर उतरी इनेलो


सिरसा, 24 जुलाई (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के छात्र संगठन आईएसओ ने दिल्ली के जंतर मंतर पर आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज व नीट पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को सिरसा में रोष प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर उपायुक्त को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

इनेलो जिलाध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा लीक को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठी चार्ज हुआ, गैस के गोले छोड़े गए, महिलाओं व छात्रों के कपड़े फाड़े गए, उन्हें पीटा तक गया, यह घटना रूह कंपा देने वाली है। उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है।

जस्सा ने कहा कि इनेलो ने हमेशा ही किसानों, छात्रों और आम आदमी के हित की बात की है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर लोकतंत्र का गला घोटने का जो कारनामा किया गया, उसे देश और दुनिया ने देखा।

उधर, छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में नौजवान सभा इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान व केंद्र सरकार का पुतला फूंका।

नौजवान सभा के प्रधान कुलदीप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार तानाशाही रवैया अपना रही है। शांतिपूर्ण ढंग से अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना और उन पर झूठे मुकदमे दर्ज कर प्रताडि़त करना बेहद निंदनीय है। सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाकर उनके साथ सरासर अन्याय कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story