जींद : भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका कांग्रेस का पुतला
जींद, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रानी तालाब के पास कांग्रेस पार्टी की जनविरोधी और राष्ट्रविरोधी नीतियों के विरोध में पुतला फूंका। कार्यक्रम में भाजपा एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर कांग्रेस की कार्यशैली के खिलाफ रोष प्रकट किया।
पुतला दहन से पहले कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप सजुमा ने शनिवार को कहा कि देश की जनता आज कांग्रेस का वास्तविक चरित्र देख रही है। संसद से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों जैसे एआई समिट तक कांग्रेस का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण और गैर जिम्मेदाराना रहा है। संसद जो लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, वहां कांग्रेस द्वारा बार-बार हंगामा, व्यवधान और निराधार आरोपों के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह व्यवहार न केवल संसदीय परंपराओं के विरुद्ध है बल्कि देश की छवि को भी आघात पहुंचाता है। एआई समिट जैसे वैश्विक मंचों पर जहां भारत तकनीकी प्रगति और नवाचार के क्षेत्र में विश्व नेतृत्व की ओर अग्रसर है वहां भी कांग्रेस द्वारा देश की उपलब्धियों को कम तर आंकने की मानसिकता दिखाई देती है। यह वही सोच है जो अराजकता को हथियार बना कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास करती रही है। मार्केट कमेटी चेयरमैन एवं भाजपा वरिष्ठ नेता बबलू गोयल ने कहा कि कांग्रेस की नीतियां और बयानबाजी पूरी तरह जनभावनाओं के विपरीत हैं। युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष डा. नवीन शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र अब जनता के सामने उजागर हो चुका है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष गौरव भारद्वाज ने कहा कि देश की जनता विकास, स्थिरता राष्ट्रहित और विकास की राजनीति को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे। बाद मेें सभी कार्यकर्ताओं ने रानी तालाब चौक पर कांग्रेस का पुतला फूंका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

