नूंह: स्कूली विद्यार्थियों को दी पॉक्सो व साइबर अपराध से बचाव की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: स्कूली विद्यार्थियों को दी पॉक्सो व साइबर अपराध से बचाव की जानकारी


नूंह, 25 सितंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छापेड़ा में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नूंह के तत्वावधान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नेहा गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

इस दौरान नेहा गुप्ता ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) तथा साइबर अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में घबराने के बजाय इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों एवं कानून के प्रति जागरूक रहने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा गुप्ता ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रोमिला कुमारी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उन्हें पौधा भेंट कर सम्मान एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story