हिसार में होटलों की आड़ में देह व्यापार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
18 महिलाएं रेस्क्यू, दो होटल संचालकों पर केस
हिसार, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले में होटलों की
आड़ में संचालित देह व्यापार व अन्य अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई
करते हुए दो होटलों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 18 महिलाओं को रेस्क्यू किया
गया, जबकि होटल ए टू ज़ेड के मालिक और होटल बलिश के मैनेजर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ
इमोरल ट्रैफिकिंग समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता मदनलाल ने साेमवार काे बताया कि डीएसपी वुमेन सेफ्टी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना अर्बन
एस्टेट क्षेत्र स्थित होटल बलिश और ए टू ज़ेड होटल में योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
छापेमारी के दौरान कई युवक-युवतियां होटल के कमरों में आपत्तिजनक परिस्थितियों में
मिले। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और जांच के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू
कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन होटलों में
देह व्यापार के लिए महिलाओं को उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों
से लाया जाता था। पुलिस ने मौके से 18 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। जांच में
होटल संचालकों की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि होटल, गेस्ट
हाउस और लॉज संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे कानून के दायरे में रहकर अपना व्यवसाय
संचालित करें। यदि किसी भी प्रतिष्ठान का उपयोग देह व्यापार या अन्य अनैतिक गतिविधियों
के लिए किया गया तो उसके संचालक, प्रबंधक और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी
कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि त्वरित आर्थिक
लाभ के लिए कुछ लोग अपने प्रतिष्ठानों का दुरुपयोग होने देते हैं, जिससे अपराध और असामाजिक
गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। पुलिस ऐसे तत्वों की पहचान कर लगातार अभियान चला रही
है और आगे भी यह कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

