हिसार जिले को मिले नए जेई, बिजली निगम में 44 कर्मचारियों को जेई पद पर पदोन्नति
डीएचबीवीएन ने जारी किए पदोन्नति एवं स्थानांतरण आदेश
16 कर्मचारियों को नियमित
वेतनमान और 28 को अपने वेतनमान में मिली पदोन्नति
गंगवा, उकलाना, हांसी, आदमपुर और बरवाला के कर्मचारियों को भी लाभ
हिसार, 23 नवंबर (राजेश्वर बैनीवाल)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन)
ने कर्मचारियों को पदोन्नति का तोहफा देते हुए 44 असिस्टेंट फोरमैन (एएफएम) और शिफ्टिंग
सुपरवाइजर असिस्टेंट (एसएसए) को जूनियर इंजीनियर (जेई) पद पर पदोन्नत किया है। हिसार
स्थित निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय की ओर से इस संबंध में सोमवार को जारी आदेश
के अनुसार 16 कर्मचारियों को नियमित वेतनमान में पदोन्नति दी गई है, जबकि 28 कर्मचारियों
को कम एसीआर होने के कारण फिलहाल अपने मौजूदा वेतनमान में ही जेई पद पर पदोन्नत किया
गया है। पदोन्नति के साथ कर्मचारियों के नए कार्यस्थल भी निर्धारित किए गए हैं।
इस पदोन्नति आदेश से हिसार जिले के विभिन्न उपमंडलों को भी लाभ मिला है। नियमित
वेतनमान में पदोन्नत सतबीर सिंह को गंगवा, अजीत सिंह को उकलाना और प्रदीप कुमार को
हिसार में ही जेई के पद पर नियुक्त किया गया है। अपने मौजूदा वेतनमान में पदोन्नत कर्मचारियों
में धूप सिंह को गंगवा से आदमपुर, जसवंत सिंह को हांसी से खेड़ी चोपटा, चंद्र प्रकाश
को हिसार से बड़ोपट्टी और धर्मपाल को बरवाला से फतेहाबाद में नियुक्ति दी गई है।
निगम के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि नियमित वेतनमान में पदोन्नत कर्मचारियों
को एक वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा जाएगा, वहीं कम एसीआर के कारण अपने मौजूदा वेतनमान
में पदोन्नत कर्मचारियों को आवश्यक एसीआर प्राप्त होने और निर्धारित शर्तें पूरी करने
के बाद नियमित वेतनमान का लाभ दिया जाएगा।
आदेश के अनुसार कुछ कर्मचारियों की पदोन्नति लंबित विभागीय कार्रवाई, अनुशासनात्मक
मामलों, आवश्यक सेवा रिकॉर्ड और अन्य औपचारिकताओं के कारण फिलहाल स्थगित रखी गई है।
वहीं कुछ कर्मचारियों ने अपनी इच्छा से एक या दो वर्ष के लिए पदोन्नति लेने से इनकार
किया है। निगम के इस फैसले से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों
को लाभ मिला है। आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को नए पदस्थापन पर कार्यभार ग्रहण
करवाने और मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश भी दिए गए
हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

