हिसार : निर्णायक सेट में रोमांचक संघर्ष के बाद विद्यार्थियों ने दर्ज की जीत
राष्ट्रीय खेल दिवस पर लुवास में मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मुकाबला, विद्यार्थियों
ने कर्मचारियों को 2-1 से हराया
हिसार, 30 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर यहां के लाला लाजपत
राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) में रविवार को विद्यार्थियों
और विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के बीच मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मुकाबला आयोजित किया गया।
रोमांचक मुकाबले में विद्यार्थियों की टीम ने कर्मचारियों की टीम को 2-1 सेट से पराजित
किया। तीनों सेटों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्णायक सेट
में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
विश्वविद्यालय परिसर में लघु पशु रोग-मुक्त भवन के निकट आयोजित इस मुकाबले
का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय में खेल भावना, टीमवर्क, आपसी सौहार्द और स्वस्थ
जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा। कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन
में लुवास में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के साथ
खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित
यह मैत्रीपूर्ण मुकाबला विश्वविद्यालय परिवार को खेल के माध्यम से जोड़ने की दिशा में
महत्वपूर्ण पहल रहा।
मुकाबले में दोनों टीमों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों ने पहला सेट 15-8 से जीतकर बढ़त बनाई, जबकि कर्मचारियों की टीम ने शानदार
वापसी करते हुए दूसरा सेट 15-7 से अपने नाम कर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। इसके
बाद निर्णायक तीसरे सेट में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। अंत
तक मुकाबला रोमांचक बना रहा और विद्यार्थियों ने 16-14 से तीसरा सेट जीतकर मुकाबला
2-1 से अपने नाम कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

