हरियाणा दिवस पर नूंह में मनेगी हीरक जयंती, होगा जिला स्तरीय समारोह

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा दिवस पर नूंह में मनेगी हीरक जयंती, होगा जिला स्तरीय समारोह


नूंह, 30 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर नूंह में हीरक जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह नूंह स्थित सामुदायिक केंद्र (बाल भवन) में होगा। इसमें स्कूली विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश की कला और संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे। समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त अखिल पिलानी ने शुक्रवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित कीं।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि हरियाणा दिवस प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और छह दशक की विकास यात्रा को याद करने का अवसर है। हीरक जयंती समारोह के माध्यम से प्रदेश की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को हरियाणा की संस्कृति और परंपराओं से रूबरू कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह की सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं और आयोजन को गरिमामय बनाने के लिए विभाग आपसी तालमेल से काम करें।

उन्होंने बताया कि हरियाणा दिवस पर राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह कुरुक्षेत्र में आयोजित होगा, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने पिछले छह दशकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, उद्योग और आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। यह समारोह प्रदेश की उपलब्धियों को याद करने और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दोहराने का अवसर है।

इसी प्रकार जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह के सीधे प्रसारण की व्यवस्था करने तथा जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंध पूरे कराने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विद्यार्थियों को तैयार करवाने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769537 Articles

Share this story