हरियाणा में शहरी निकाय चुनाव की तैयारियां तेज

WhatsApp Channel Join Now

46 नगर परिषदों-कमेटियों में वार्डबंदी के लिए एडहाक बॉडी गठित

निदेशक अर्बन लोकल बाडीज होंगे चेयरपर्सन

चंडीगढ़, 12 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने प्रदेश की 46 नगर परिषदों एवं नगर समितियों में वार्डों के परिसीमन यानी वार्डबंदी की प्रक्रिया शुरू करने के लिए एडहॉक बॉडी गठित कर दी है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से गत दिवस इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। जिसके अनुसार हरियाणा म्युनिसिपल डिलिमिटेशन ऑफ वार्ड रूल्स, 1977 के नियम चार के तहत इन एडहॉक बॉडी के गठन का प्रावधान किया गया है। आदेश के अनुसार इनका मुख्य काम संबंधित नगर परिषदों और नगर समितियों के वार्डों का परिसीमन करना होगा।

सरकार के आदेश के मुताबिक एडहॉक बॉडी में निदेशक, अर्बन लोकल बॉडीज, हरियाणा अथवा उनके प्रतिनिधि चेयरपर्सन होंगे। संबंधित जिले के उपायुक्त अथवा उनके प्रतिनिधि को सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा संबंधित नगर परिषद या नगर समिति के प्रधान अथवा प्रशासक तथा संबंधित निकाय के कार्यकारी अधिकारी/सचिव भी सदस्य होंगे। इस तरह प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित निकाय के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए वार्ड परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

एडहॉक बॉडी को जरूरत के अनुसार विभिन्न हितों और समूहों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए समिति के मौजूदा सदस्यों अथवा भंग समिति के सदस्यों में से अधिकतम पांच सदस्यों को अपने साथ जोडऩे का अधिकार दिया गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह चयन विभिन्न हितों/समूहों को ध्यान में रखकर किया जा सकता है।

वार्ड परिसीमन के लिए गठित निकायों में चरखी दादरी, फतेहाबाद, टोहाना, सोहना, हांसी, बहादुरगढ़, जींद, नरवाना, कैथल, नारनौल, पलवल, होडल, मंडी डबवाली, गोहाना, कालका, झज्जर, नूंह, भिवानी, समालखा, बरवाला, कुंडली, साधौरा, इस्माइलाबाद, नारायणगढ़, रतिया, भूना, सफीदों, उचाना, घरौंडा, तरावड़ी, असंध, निसिंग, शाहाबाद, लाडवा, पिहोवा, चीका, राजौंद, महेंद्रगढ़, नांगल चौधरी, फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, बावल, महम, ऐलनाबाद, रानियां और गन्नौर शामिल हैं। आदेश पर हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, आईएएस के हस्ताक्षर हैं। इन आदेशों के संबंध में संबंधित निकायों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं।

---

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story