हिसार : झांकियों के जरिये दिखाया जाएगा महाराजा अग्रसेन का जीवन, तैयारियां जोरों पर
हिसार, 05 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रसेन भवन ट्रस्ट की बैठक प्रधान अंजनी कुमार
खारियावाला की अध्यक्षता में हुई। इसमें नगर के अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक
में 11 अक्टूबर को सायं पांच बजे भवन प्रांगण में मनाये जाने वाले महाराजा अग्रसेन जयंती
महोत्सव बारे चर्चा करके रुपरेखा बनाई गई।
ट्रस्ट के प्रधान अंजनी कुमार खारियावाला ने साेमवार काे बताया कि महोत्सव में देश भर में
प्रसिद्ध काकाजी ग्रुप के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
इस दौरान महाराजा अग्रसैन के जीवन को झांकियों के माध्यम से विस्तारपूर्वक दिखाया जाएगा।
साथ ही दर्जनों कलाकार मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इससे पूर्व पीजीएसडी
स्कूल के छात्र सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव को कामयाब बनाने के
लिये कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाकर शहर भर में निमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि महाराजा अग्रसैन जयंती समारोह में नगर की अनेक संस्थाएं बढ़ चढ़
कर सहयोग करेंगी। समारोह में हरियाणा सरकार के स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, विधायक
सावित्री जिंदल, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष
बजरंग दास गर्ग अतिथि के रुप में उपस्थित होंगे।
बैठक में ट्रस्ट के उपप्रधान प्यारेलाल लाहौरिया, कोषाध्यक्ष रामनिवास कोहलीवाला,
रामकुमार, एन.के गोयल, जगदीश तायल, कृष्ण खारिया, प्रवीन कुमार जैन, सुरेन्द्र कुमार
दुर्जनपुरिया, शिव कुमार अग्रवाल, सुरेन्द्र बागड़ी, देवेन्द्र गर्ग, अंजनी कोहलीवाला,
देवीराम जिंदल, अनिता जैन, नीतू जैन, साधना गोयन्का, कमलेश गर्ग, आरती बंसल, पूजा बंसल,
पल्लवी जैन, कल्पना जैन, एकता गर्ग, मीनू, कविता आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

