सिरसा: यूथ मैराथन की तैयारियां पूरी, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिखाएंगे झंडी

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 21 नवंबर (हि.स.)। जिले के कालांवाली में 22 नवम्बर को यूथ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। मैराथन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। मैराथन के लिए एक लाख 40 हजार 716 पंजीकरण हुए हैं। मैराथन के ब्रांड एंबेसडर पद्मश्री एवं पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान सरदार सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे और हरियाणवी गायक रॉकस्टार की टीम सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देगी। सरकारी प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

पूरे रूट पर पेयजल, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थल तय किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यूथ मैराथन में 21 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए ओवरऑल श्रेणियों के साथ-साथ अलग-अलग आयु वर्गों में भी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 21 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 37,500 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार 10 किलोमीटर की ओवरऑल श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 25 हजार, 15 हजार और 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781028 Articles

Share this story