पानीपत: डंपर की चपेट में आने से गर्भवती महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: डंपर की चपेट में आने से गर्भवती महिला की मौत


पानीपत, 19 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव राक्सेड़ा के पास मंगलवार को रेत से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार एक गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक महिला की पहचान हथवाला गांव निवासी 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है।

परिवार ने बताया कि वह करीब आठ महीने की गर्भवती थी। गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई है। घटना के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार गांव हथवाला निवासी संदीप जांगड़ा अपनी पत्नी प्रीति को गन्नौर दवा दिलवाने ले जा रहा था। गांव राक्सेड़ा के पास पहुंचते ही एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रीति कई फुट दूर जा गिरीं और डंपर के पहिए के नीचे आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

संदीप को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन के प्रति रोष व्यक्त किया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और समालखा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और डंपर ड्राइवर की पहचान व तलाश तेज कर दी है। समालखा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मंगलवार की दोपहर बाद गांव राक्सेड़ा के पास डंपर की चपेट में आने से एक गर्भवती महिला की मौत हो गई है जिसकी एफआईआर दर्ज कर डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story