पानीपत: कार से टकराकर गर्भवती महिला की मौत,आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: कार से टकराकर गर्भवती महिला की मौत,आरोपी फरार


पानीपत, 06 जून (हि.स.)। पानीपत में एक तेज गति से जा रही कार की टक्कर लगने से गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई है। यह दुर्घटना जीटी रोड पर एलएनटी कॉलेज के सामने कपूर फैक्ट्री के पास हुई। महिला बी.एड की परीक्षा देने जा रही थी। मृतका की पहचान नजफगढ़, दिल्ली निवासी परमजीत के रूप में हुई है।

परमजीत अपने पति राकेश के साथ पानीपत बस स्टैंड से बस में सवार होकर एलएनटी कॉलेज परीक्षा देने जा रही थीं। कपूर फैक्ट्री के सामने बस से उतरने के बाद सड़क पार करते समय एक तेज गति से जा रही ब्रेजा गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि परमजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही समालखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

मृतका के पति राकेश ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं और परमजीत दो माह की गर्भवती भी थीं। पुलिस ने राकेश के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक और वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। साथ ही टोल प्लाजा पर लगे कैमरों को भी खंगाल रही है और राहगीरों से पूछताछ भी जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story