हिसार में फिरौती मांगने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में फिरौती मांगने का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली


रोहतक और करनाल में स्कूल संचालक व सरपंच से मांगी थी पांच-पांच करोड़ की फिरौती

पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी गोली

हिसार, 21 नवंबर (हि.स.)। हिसार में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में

घूम रहे फिरौती के मामलों के वांछित आरोपी प्रदीप को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी ओर से चलाई गई एक

गोली पुलिस कर्मचारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से

32 बोर का अवैध पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी रोहतक और करनाल में

फिरौती मांगने व फायरिंग की वारदातों में वांछित था।

पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी प्रदीप किसी वारदात को

अंजाम देने की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे

काबू करने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में

पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान प्रदीप के पैर में गोली लगी,

जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी प्रदीप रोहतक और करनाल में फिरौती के

मामलों में वांछित है। थाना आईएमटी रोहतक में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इस मामले

में आरोपी और उसके साथी ने एक स्कूल संचालक से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी।

रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। फिरौती नहीं मिलने पर 9 नवंबर की

रात आरोपियों ने स्कूल के बोर्ड पर फायरिंग कर दहशत फैलाने का प्रयास किया था।

इसी प्रकार करनाल के मधुबन थाना में भी आरोपी के खिलाफ फिरौती मांगने और फायरिंग

से संबंधित मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथी ने एक गांव के सरपंच

से पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं मिलने पर गांव के एंट्री बोर्ड पर

फायरिंग की गई थी।

इसके अलावा आरोपी प्रदीप के खिलाफ हिसार शहर थाना में भी धोखाधड़ी और जालसाजी

का मामला दर्ज है। इस संबंध में 4 अप्रैल 2022 को विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया

गया था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। जांच में उसके द्वारा अंजाम दी गई अन्य

वारदातों, अवैध हथियारों के स्रोत, आपराधिक नेटवर्क और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के

बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी पांच वारदातों को

अंजाम दे चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780947 Articles

Share this story