हांसी : सात वोट की कांटे की टक्कर में प्रदीप लोहान बने बार एसोसिएशन के प्रधान
गौरव लोहान ने सचिव पद पर 24 वोट से दर्ज की जीत
सुमेश पवार समेत तीन पदाधिकारी निर्विरोध चुने
गए
हांसी, 11 सितंबर (हि.स.)। शुक्रवार काे नारनौंद बार एसोसिएशन
के चुनाव में प्रधान पद पर प्रदीप लोहान ने कड़े मुकाबले में कुलदीप अहलावत को सात
वोट से हराकर जीत दर्ज की। प्रदीप लोहान को 56, जबकि कुलदीप अहलावत को 49 वोट मिले।
अर्जुन ढांडा को 15 वोट मिले। वहीं सचिव पद पर गौरव लोहान ने अमित बंसल को 24 वोट से
हराया। गौरव लोहान को 72 और अमित बंसल को 48 वोट मिले।
चुनाव शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ,
जिसके बाद मतगणना की गई। कुल 122 वोटों में से 120 वोट पोल हुए। चुनाव अधिकारी ने पहले
ही मतदान नहीं करने की घोषणा की थी। प्रधान पद के लिए पांच उम्मीदवारों ने नामांकन
किया था, लेकिन मुकाबला मुख्य रूप से प्रदीप लोहान और कुलदीप अहलावत के बीच रहा। एक-एक
वोट के लिए प्रत्याशी दिनभर प्रयास करते नजर आए। चुनाव अधिकारी कुलदीप भाटीवाल और जयवीर सैनी ने
बताया कि उपप्रधान पद महिला के लिए आरक्षित था। इस पद पर सुमेश पवार ने ही नामांकन
किया, जिसके चलते उन्हें निर्विरोध चुना गया। सह सचिव पद पर पूनम दुहन, कोषाध्यक्ष
पद पर सन्नी वर्मा और लाइब्रेरियन पद पर राहुल खुराना भी निर्विरोध चुने गए।
बार के हित में मिलकर करेंगे काम
नवनियुक्त प्रधान प्रदीप लोहान ने कहा कि उनकी
जीत सभी सदस्यों के सहयोग का परिणाम है। वह पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ बार एसोसिएशन
को आगे ले जाने का प्रयास करेंगे। वकीलों की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय उनके
साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी बार
एसोसिएशन की जीत है। सचिव गौरव लोहान ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग
से उन्हें यह सफलता मिली है। पूरी कार्यकारिणी को एकजुट करके लंबित कार्यों को पूरा
करवाया जाएगा और एसोसिएशन की कमियों को दूर करने के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

