कैथल: पीआर धान की खरीद बंद होने से मंडियों में बढ़ी किसानों की परेशानी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: पीआर धान की खरीद बंद होने से मंडियों में बढ़ी किसानों की परेशानी


कैथल, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले की अनाज मंडियों में पीआर धान की खरीद को लेकर किसानों और आढ़तियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। डीएफएससी और हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन की ओर से खरीद नहीं किए जाने के कारण मंडियों में 50 हजार क्विंटल से अधिक पीआर धान बिक्री के इंतजार में पड़ा है। फिलहाल केवल हैफेड एजेंसी ही पीआर धान की खरीद कर रही है। ऐसे में मंडियों में पहले से मौजूद धान की खरीद और नए धान की आवक को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

किसानों और आढ़तियों का कहना है कि पिछले वर्ष सरकारी एजेंसियों ने 15 नवंबर तक पीआर धान की खरीद की थी, जबकि इस बार 10 नवंबर से पहले ही खरीद बंद कर दी गई। इससे उन किसानों के सामने संकट खड़ा हो गया है, जो अपनी फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं। मंडियों में पहले से हजारों क्विंटल धान पड़ा होने के कारण किसानों को यह चिंता सता रही है कि उनकी फसल की खरीद कब होगी। खरीद के साथ-साथ मंडियों में उठान की धीमी गति ने भी हालात बिगाड़ दिए हैं। धान के ढेर मंडियों से निकलकर सड़कों तक पहुंचने लगे हैं। नई अनाज मंडी के आसपास मॉडल टाउन, जींद रोड और रेलवे स्टेशन रोड की तरफ धान डालना पड़ रहा है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति बनने लगी है। किसानों और आढ़तियों के अनुसार त्योहारों के कारण उठान के लिए पर्याप्त गाड़ियां नहीं मिल पा रही हैं। मंडियों के बाहर खुले में पड़े धान की चोरी होने का डर भी बना हुआ है।

शहर की तीनों अनाज मंडियों में फूस के बड़े-बड़े ढेर भी परेशानी का कारण बने हुए हैं। नई अनाज मंडी में रेलवे स्टेशन रोड पर तथा पुरानी अनाज मंडी में मार्केट कमेटी कार्यालय के नजदीक फूस जमा है। इससे दुकानदारों और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही है। फूस के ढेरों के कारण आगजनी की आशंका बनी हुई है, वहीं उड़ने वाली धूल और फूस सांस के मरीजों के लिए भी परेशानी बढ़ा रहे हैं। अतिरिक्त अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान रघुबीर मलिक ने कहा कि मंडियों में 50 हजार क्विंटल से अधिक पीआर धान पड़ा है, लेकिन डीएफएससी और वेयर हाउस एजेंसी की ओर से खरीद नहीं की जा रही। केवल हैफेड खरीद कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774545 Articles

Share this story