कैथल की मंडियों में पीआर धान की खरीद बंद, पिछले साल से एक लाख एमटी कम हुई खरीद

WhatsApp Channel Join Now
कैथल की मंडियों में पीआर धान की खरीद बंद, पिछले साल से एक लाख एमटी कम हुई खरीद


कैथल की मंडियों में पीआर धान की खरीद बंद, पिछले साल से एक लाख एमटी कम हुई खरीद


कैथल, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले की अनाज मंडियों में पीआर धान की सरकारी खरीद बंद हो गई है। इस बार जिले में पिछले साल के मुकाबले करीब एक लाख मीट्रिक टन कम पीआर धान की खरीद हुई है। पिछले धान सीजन में जहां खरीद एजेंसियों ने आठ लाख 25 हजार मीट्रिक टन पीआर धान खरीदा था, वहीं इस बार यह आंकड़ा घटकर आठ लाख 25 हजार मीट्रिक टन रह गया।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इस बार किसानों ने पीआर धान की अपेक्षा बारीकी किस्म के धान की अधिक बिजाई की थी। हालांकि जिले की अलग-अलग मंडियों में पीआर धान की आवक का रुझान अलग-अलग रहा। कई मंडियों में खरीद बढ़ी, जबकि चीका और ढांड मंडी में पिछले साल की तुलना में कम धान पहुंचा। जिले की कैथल, कलायत, राजौंद, सीवन, पाई और पूंडरी मंडियों में इस बार पीआर धान की आवक पिछले साल की अपेक्षा अधिक रही। वहीं गुहला-चीका और ढांड मंडी में खरीद में गिरावट दर्ज की गई। कैथल शहर की तीनों अनाज मंडियों में पिछले साल 20 लाख 30 हजार क्विंटल पीआर धान की आवक व खरीद हुई थी, जबकि इस बार यह बढ़कर 21 लाख क्विंटल हो गई।

पीआर की सरकारी खरीद बंद, किसान निजी खरीदारों को बेच रहे धान

अतिरिक्त अनाज मंडी के प्रधान रघुबीर मलिक ने बताया कि मंडियों में अब पीआर धान की सरकारी खरीद बंद हो चुकी है। कुछ किसान अभी भी पीआर धान लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें निजी खरीदारों को कम भाव पर धान बेचना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार बारीकी किस्म के धान के अच्छे भाव मिल रहे हैं। 1718, 1121 और मुच्छल किस्म के धान के भाव 4800 से 5000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहे हैं। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र ढुल ने बताया कि कैथल शहर की तीनों अनाज मंडियों में पिछले साल की तुलना में इस बार पीआर धान की खरीद अधिक हुई है। डीएफएससी वरिंद्र सिंह ने बताया कि जिले की मंडियों में अब पीआर धान की खरीद बंद हो चुकी है। इस बार पिछले साल के मुकाबले करीब एक लाख मीट्रिक टन कम पीआर धान मंडियों में पहुंचा है। पिछले साल नाै लाख 25 हजार मीट्रिक टन पीआर धान खरीदा गया था, जबकि इस बार आठ लाख 25 हजार मीट्रिक टन खरीद हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story