हिसार के उकलाना में तेज अंधड़ का कहर, 35 खंभे गिरे, बिजली व्यवस्था बेपटरी

WhatsApp Channel Join Now
हिसार के उकलाना में तेज अंधड़ का कहर, 35 खंभे गिरे, बिजली व्यवस्था बेपटरी


हिसार के उकलाना में तेज अंधड़ का कहर, 35 खंभे गिरे, बिजली व्यवस्था बेपटरी


सही व्यवस्था होने में लगेंगे दो से तीन दिन, गर्मी में बढ़ी परेशानी

हिसार, 12 जून (हि.स.)। जिले के उकलाना क्षेत्र में तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था

को बेपटरी कर दिया है। समैन गांव स्थित 220 केवी पावर हाउस से बिठमड़ा स्थित 33 केवी

पावर हाउस को जाने वाली 33 केवी बिजली लाइन कई स्थानों से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे

क्षेत्र के चार गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

बिजली अधिकारियों का कहना

है कि लाइन के लगभग 35 खंभे टूटकर गिर गए हैं, जिसके चलते बड़े स्तर पर नुकसान हुआ

है।

बिजली निगम अधिकारियों के अनुसार गुरुवार रात आई तेज आंधी की वजह से समैन पावर हाउस

से बिठमड़ा पावर हाउस तक आने वाली 33 केवी लाइन तेज अंधड़ की चपेट में आ गई।

तेज हवाओं

के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभे उखड़ गए और तार टूटकर नीचे गिर गए। इसके चलते बिठमड़ा

पावर हाउस की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली आपूर्ति बंद होने से बिठमड़ा, सुरेवाला,

चितैन और भीमावाला गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़

रहा है।

भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों और कृषि

संबंधी गतिविधियों पर भी असर पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही बिजली निगम के अधिकारी और कर्मचारी सुबह मौके पर पहुंचे

तथा क्षतिग्रस्त लाइन का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। विभागीय अधिकारियों

के अनुसार नुकसान काफी बड़ा है, इसलिए लाइन को पूरी तरह बहाल करने में एक से दो दिन

का समय लग सकता है। इसी कारण बिठमड़ा पावर हाउस से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति

प्रभावित रहने की संभावना है। बिजली निगम के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि कर्मचारियों

की कई टीमें मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं और प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द

बिजली आपूर्ति बहाल कर लोगों को राहत प्रदान की जा सके। ग्रामीणों ने मांग की है कि

मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए ताकि भीषण गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिल सके

और आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story