बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से नूंह में बिजली व्यवस्था चरमराई, 474 में से 12 कर्मचारी ड्यूटी पर

WhatsApp Channel Join Now
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से नूंह में बिजली व्यवस्था चरमराई, 474 में से 12 कर्मचारी ड्यूटी पर


नूंह, 22 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के गुरुग्राम और नूंह जिलों में बिजली वितरण के निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का व्यापक असर मेवात क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। हड़ताल के चलते गुरुवार को नूंह जिले के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नूंह, पुनहाना, नगीना और फिरोजपुर झिरका सहित जिले के विभिन्न इलाकों में बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बिजली विभाग का कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिले में बिजली विभाग के कई कार्यालयों पर ताले लटके हुए हैं और अधिकांश कर्मचारी ड्यूटी से नदारद रहे। जानकारी के अनुसार, नूंह जिले में बिजली विभाग के कुल 474 कर्मचारी हैं, जबकि हड़ताल के दौरान केवल 12 कर्मचारी ही ड्यूटी पर बताए जा रहे हैं। कर्मचारियों की इतनी कम संख्या में मौजूदगी के चलते बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में दिक्कतें आ रही हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम लोगों के साथ-साथ विभिन्न कार्यों के लिए बिजली पर निर्भर रहने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

बिजली घरों और कार्यालयों पर पुलिस तैनात

हड़ताल के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने बिजली घरों और विभागीय कार्यालयों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। वहीं, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से जिले के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यदि जल्द ही हड़ताल का समाधान नहीं निकलता और बिजली व्यवस्था सामान्य नहीं होती, तो आने वाले दिनों में लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765012 Articles

Share this story