यमुनानगर:11 हजार वोल्ट की लाइन पर काम करते कर्मचारी की करंट लगने से मौत
यमुनानगर, 02 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर के छछरौली क्षेत्र के गनौली गांव में शुक्रवार काे बिजली निगम के काम के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन के पोल पर चढ़े कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान इस्माईलपुर निवासी संजीव कुमार के रूप में हुई है। वह दो बच्चों का पिता था और करीब 12 वर्षों से छछरौली बिजली विभाग में निजी आधार पर काम कर रहा था। परिजनों ने हादसे के लिए बिजली विभाग से जुड़े अधिकारियों, लाइनमैन और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर छछरौली थाना पुलिस ने ठेकेदार राजबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि संजीव ठेकेदार राजबीर के साथ काम करता था। वीरवार को संजीव, राजबीर और पीरमाजरा निवासी रोहताश बिजली निगम के काम से गनौली गए थे। एक स्थान पर काम पूरा करने के बाद तीनों खेतों में बने एक डेरे के पास दूसरे स्थान पर पहुंचे। शिकायत के अनुसार, नए स्थान पर काम शुरू करने से पहले संजीव और रोहताश ने ठेकेदार से बिजली बंद कराने और काम का परमिट लेने के बारे में पूछा था। आरोप है कि ठेकेदार ने परमिट होने की बात कही। इसके बाद संजीव 11 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़कर काम करने लगा।
परिजनों के मुताबिक, कुछ ही देर बाद लाइन में अचानक करंट आ गया। तेज झटके के बाद संजीव पोल से नीचे गिर गया। रोहताश और मौके पर मौजूद एक व्यक्ति उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। धर्मपाल का आरोप है कि हादसा शाम करीब पांच बजे हुआ, लेकिन परिवार को तत्काल सूचना नहीं दी गई। बाद में जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

