यमुनानगर:ट्रांसफॉर्मर मरम्मत करते कर्मचारी की करंट लगने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:ट्रांसफॉर्मर मरम्मत करते कर्मचारी की करंट लगने से मौत


यमुनानगर, 29 अप्रैल (हि.स.) यमुनानगर जिले के जगाधरी क्षेत्र में विद्युत मरम्मत कार्य के दौरान एक कर्मचारी की करंट लगने से मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान माली माजरा निवासी 42 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो हरियाणा रोजगार कौशल निगम के माध्यम से बिजली निगम में सहायक लाइनमैन के पद पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार बुधवार को मुखर्जी पार्क स्थित एक फीडर से जुड़े ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। शिकायत के बाद मुकेश कुमार अपने सहकर्मी गणेश के साथ मौके पर पहुंचे। निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए दोनों कर्मचारियों ने पहले कार्य अनुमति प्राप्त की और ट्रॉली ट्रांसफॉर्मर स्थापित करने का काम शुरू किया। प्रारंभिक चरण में जंपर लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसी क्रम में मुकेश कुमार दोबारा जंपर जोड़ने के लिए ट्रांसफॉर्मर पर चढ़े।

इसी दौरान अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और संतुलन बिगड़ने पर नीचे खड़ी ट्रॉली पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन और सहकर्मी उन्हें पंचकूला की ओर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

जगाधरी थाना के जांच अधिकारी के अनुसार, हादसा ट्रांसफॉर्मर पर कार्य करते समय हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story