कैथल: 45 हजार का बिजली बिल आया तो समाधान शिविर पहुंचा ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: 45 हजार का बिजली बिल आया तो समाधान शिविर पहुंचा ग्रामीण


कैथल, 24 सितंबर (हि.स.)।समाधान शिविर में गुरुवार को बिजली बिल से लेकर सीवरेज और स्ट्रीट लाइट तक की समस्याएं लेकर लोग पहुंचे। गांव पीडल निवासी वेद प्रकाश ने घरेलू कनेक्शन का 45 हजार रुपये से अधिक का बिजली बिल आने की शिकायत रखी।

उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर बिजली विभाग और सीएम विंडो पर भी शिकायत दी जा चुकी है। उसके घर में बिजली की खपत इतनी नहीं है, जितना बिल भेज दिया गया है। डीसी अपराजिता ने शिकायत को बिजली विभाग को भेजते हुए बिल की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। बिशनगढ़ गामड़ी निवासी विक्की ने कॉलोनी में सीवरेज के टूटे ढक्कनों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि खुले और क्षतिग्रस्त ढक्कनों के कारण बच्चों समेत राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगवाने की मांग भी रखी। वहीं गांव कौल निवासी राजेश कुमार ने मकान के गेट के सामने लगे खाली बिजली पोल को हटवाने की मांग की। शिकायतों को सुनने के बाद डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके की स्थिति की जांच कर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

डीसी अपराजिता ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का एक ही स्थान पर सुनवाई कर समयबद्ध समाधान करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निपटारे में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story