यमुनानगर में बच्चे का शव कब्र से निकाल करवाया पोस्टमार्टम


-- पति ने लगाया पत्नी पर हत्या का आरोप, केस दर्ज
-- कपड़ों की गठड़ी में घर पर मिला था नवजात बच्चे का शव
यमुनानगर, 5 अप्रैल (हि.स.)। दो दिन पहले दफनाए गए नवजात बच्चे के शव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाला गया और शुक्रवार शाम को शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किया गया। शव परिजन को सौप दिया गया है। नवजात बच्चे की हत्या का आरोप पति ने अपनी पत्नी पर लगाया है। जिसकी शिकायत पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू की।
गौरतलब है कि शहर के शिवपुरी बी निवासी सुमित की लगभग पांच वर्ष पहले अधोई निवासी कोमल से शादी हुई थी। इस शादी से उनके पास दो वर्ष का बेटा है। पत्नी ने दो मार्च को दूसरे बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद से कोमल व बच्चा दोनों घर पर ही एक कमरे में थे। दो अप्रैल की सुबह जब सुमित उठा तो बच्चा कमरे में मृत मिला था। दो अप्रैल को उसके बच्चे को गला रेतकर मारा गया था। पत्नी कोमल ने ही बच्चे के गुम होने का झूठा शोर मचा दिया। जब तलाश की तो बच्चे का शव कपड़ों में लिपटा मिला। बच्चे की नाक, मुंह व कान में रूई ठूंसी हुई थी।
वहीं कोमल का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है। वह अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। रात को वह सोई हुई थी। सुबह जब आंख खुली तो वह कमरे में पहुंची। जहां उसका बच्चा नहीं था। इधर-उधर देखा तो बच्चे का शव कपड़ों में लिपटा हुआ था। उसके पति व ससुराल वालों ने आनन फानन में बच्चे के शव को दफना दिया।
गांधीनगर थाना प्रभारी महरुफ अली का कहना है कि बच्चे की हत्या हुई है। पति व पत्नी दोनों एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। सुमित की शिकायत पर पत्नी कोमल पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। आज दफनाए गए बच्चे के शव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में निकाल कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/अवतार