जनगणना-2027 : 10 से 24 जनवरी तक घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे नागरिक : अखिल पिलानी
नूंह, 16 नवंबर (हि.स.)। जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के दूसरे चरण के तहत जिले के नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन स्व-गणना करने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। इस दौरान नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और सदस्यों से संबंधित जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने सोमवार को बताया कि इस बार जनगणना की प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जाएगा। स्व-गणना के जरिए नागरिक खुद अपने परिवार का विवरण पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। उन्होंने जिले के लोगों से निर्धारित समयावधि में इस सुविधा का लाभ उठाने और सभी जानकारियां सही एवं पूर्ण रूप से उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचेंगे। 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक आवासीय परिसरों में जाकर परिवारों द्वारा दर्ज कराई गई जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान नागरिकों से आवश्यक सहयोग करने का भी आह्वान किया गया है।
उपायुक्त के अनुसार, जनगणना की प्रश्नावली में कुल 40 सवाल शामिल होंगे। इनके माध्यम से परिवारों और व्यक्तियों से जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा और प्रवास सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी जानकारी एकत्रित की जाएगी। इन आंकड़ों का उपयोग भविष्य में विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं, सार्वजनिक सेवाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण में किया जाएगा।
अखिल पिलानी ने बताया कि जनगणना के दौरान प्रगणक मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली से पूरी प्रक्रिया की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। जनसंख्या गणना का कार्य पूरा होने के बाद 1 से 5 मार्च 2027 तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में कोई भी परिवार जनगणना से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। बहुमंजिला इमारतों, नए विकसित क्षेत्रों, किराये के मकानों और प्रवासी आबादी वाले इलाकों में शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

