हिसार : दलित उत्पीड़न, बेरोज़गारी और जनविरोधी नीतियों ने खोली सरकार की पोल : कृष्ण जमालपुर
हिसार, 09 जनवरी (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी की ओर से यहां बैठक का आयोजन किया
गया। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश
प्रभारी जगदीश चंद्र, प्रदेश सचिव बलवीर मुंडे व प्रदेश महासचिव महेंद्र सिंह धानिया
भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति दलित समाज पर बढ़ते अत्याचार बेरोज़गारी
युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ संविधान पर हो रहे हमलों और हरियाणा की भाजपा सरकार
की जनविरोधी नीतियों पर विस्तार से और बेबाक चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर
ने शुक्रवार काे भाजपा सरकार व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर आरोप लगाया कि हरियाणा आज अपराध अन्याय
और असमानता की आग में जल रहा है। दलित उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन
भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरी तरह मूकदर्शक बने हुए हैं। दलितों
पर अत्याचार हो, गरीबों के घर उजाड़े जाएं युवाओं का भविष्य बर्बाद हो सरकार को कोई
फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि यह सरकार संविधान और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर
के विचारों की विरोधी सरकार है।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष
कुमारी मायावती का जन्मदिन इस वर्ष जनकल्याणकारी दिवस के रूप में जोन स्तर पर मनाया
जा रहा है। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि बहुजन आंदोलन की ताक़त दिखाने का अवसर
है। उन्होंने बताया कि भिवानी में जोन स्तरीय विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है
जिसमें बहुजन समाज की एकजुटता और राजनीतिक शक्ति का प्रदर्शन होगा। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिए गए अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश
की जा रही है। भाजपा सरकार लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और बहुजन समाज को योजनाबद्ध
तरीके से हाशिये पर धकेला जा रहा है।
प्रदेश महासचिव महेंद्र सिंह धानिया ने कहा हरियाणा में बेरोज़गारी भयावह स्तर
पर पहुंच चुकी है। पढ़ा-लिखा युवा हताश है। भाजपा सरकार के पास न नीति है न नीयत। बहुजन
समाज पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर इस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब
देगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले चुनावों को देखते हुए बहुजन समाज पार्टी
संगठन को गांव-गांव, मोहल्ला-मोहल्ला और बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा
भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच पूरी ताक़त के साथ उजागर किया जाएगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष रविंद्र चौहान, हरि सिंह बगला, जिला प्रभारी नानक देव
प्रजापति, हलका अध्यक्ष जितेंद्र मोटा, संदीप मिर्जापुर, अनिल चोपड़ा, दिलबाग डोभी,
मनीष तोंदवाल, विकास सातरोड़, दयाचंद रोलन, पवन सभरवाल, गौतम भानगढ़ व मुकेश सहित अन्य
लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

