हरियाणा बजट: सात महिला पुलिस थाने व तीन साइबर पुलिस थाने बनेंगे

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा बजट: सात महिला पुलिस थाने व तीन साइबर पुलिस थाने बनेंगे


बदले जाएंगे अंग्रेजाें के जमान से पुलिस कानून

चंडीगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। हरियणा के वित्त मंत्री नायब सैनी ने वार्षिक बजट में सात नए महिला पुलिस थाने तथा तीन नए साइबर क्राइम पुलिस थाने खोलने को मंजूरी प्रदान की है। वित्त मंत्री ने गृह विभाग के बजट में पिछले साल के मुकाबले 570.02 करोड़ रुपये की वृद्धि की है। पिछले साल के 7904.99 करोड़ के मुकाबले इस सल 8475.01 करोड़ रुपये का बजट अलाट किया गया है। वित्त मंत्री ने बजट में ऐलान किया कि प्रदेश के लोहारू, नरवाना, बरवाला, समालखा, महम, रादैर व पेहोवा सात नए महिला पुलिस थाने खोले जाएंगे। इसके अलावा सोनीपत, गोहाना तथा बहादुरगढ़ तीन नए साइबर अपराध पुलिस थाने खोले जाएंगे।

वित्त मंत्री ने बजट में एंटी टेरोरिस्ट स्कवायड के गठन के मंजूरी देते हुए 35.5 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया है। एटीएस दस्ते में महिला कमांडो भी शामिल की जाएंगी। अगले तीन साल के भीतर सडक़ पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को बॉडी वॉर्न कैमरा से लैस किया जाएगा। इन कैमरों की मदद से पुलिस कर्मियों की सभी गतिविधियों को रिकार्ड किया जाएगा।

पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए सरकार नई योजना लेकर आई है। अपराधिक तत्वों का बहादुरी से सामना करने वाले पुलिस कर्मियों को समय से पहले पदोन्नति दी जाएगी। कार्य में कोताही बरतने वाले पुलिस कर्मियों को दंडित किया जाएगा। वित्त मंत्री ने ऐलान किया कि जुलाई में अपना कार्यकाल पूरा करके वापस आ रहे अग्निवीरों को पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर नियुक्ति के दौरान 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा 1300 अग्निवीरों की हरियाणा पुलिस में विशेष भर्ती की जाएगी।

नूंह के गांव संगेल में भारतीय रिजर्व बटालियन के लिए 107 एकड़ भूमि पर आधुनिक भवन बनाने को मंजूरी प्रदान की गई है। सरकार की तरफ से हरियाणा पुलिस कल्याण कोष में 16 करोड़ रुपये अनुदान दिया जाएगा। प्रदेश सरकार पुलिस कर्मियों की सुविधा तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए 150 नई इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल खरीदेगी।

हरियणा के फतेहाबाद, दादरी तथा पंचकूला में जिला जेल व रोहतक में हाई सिक्योरिटी जेल बनाई जाएगी। प्रदेश की सभी जेलों में जैमर लगाने के अलावा जेल वार्डरों के भी बॉडी वॉर्न कैमरे लगाए जाएंगे। प्रदेश की भिवानी, नारनौल, जींद, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फतेहाबाद, दादरी व झज्जर जेलों के बाहर पैट्रोल पंप खोले जाएंगे। हरियाणा में अब अंग्रेजों के जमाने के पुलिस कानून नहीं चलेंगे। वित्त मंत्री नायब सैनी ने बजट भाषण ऐलान किया कि 1934 बनाए गए पंजाब पुलिस नियम को निरस्त करके हरियाणा पुलिस नियम अधिसूचित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story