हिसार में पेट्रोल पंपों पर बिना नंबर प्लेट वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में पेट्रोल पंपों पर बिना नंबर प्लेट वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन


मेडिकल स्टोर पर बिना वैध पर्ची दवा बेचने और

प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की बिक्री पर होगी कार्रवाई

एसपी ने संस्थान संचालकों को दिए सुरक्षा के कड़े निर्देश

हिसार, 17 नवंबर (हि.स.)। सर्दी और धुंध के मौसम

में चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदातों की आशंका को देखते हुए जिला पुलिस ने सुरक्षा

व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने मंगलवार

को अपने कार्यालय में पेट्रोल पंप, कोचिंग सेंटर, शराब ठेके, ज्वैलरी शोरूम, होटल,

धर्मशाला, मेडिकल स्टोर, बैंक, स्कूल-कॉलेज और आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित

ग्राम सरपंचों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को अपने प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था

दुरुस्त रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के निर्देश

दिए।

एसपी ने कहा कि सर्दी और धुंध के दौरान दृश्यता

कम होने का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम

देने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे में सभी संस्थान संचालक सीसीटीवी कैमरों को चालू हालत

में रखें और रात्रि के समय निर्धारित स्थानों पर चौकीदारों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित

करें। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए गए कि बिना

नंबर प्लेट वाले वाहनों में पेट्रोल-डीजल न डालें और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर

विशेष नजर रखें। कोचिंग सेंटर संचालक विद्यार्थियों के आने-जाने का उचित रिकॉर्ड रखें

तथा मुख्य प्रवेश द्वार और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। स्कूल-कॉलेज प्राचार्यों

को मुख्य गेट, परिसर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरों की व्यवस्था करने तथा विद्यार्थियों

के प्रवेश और निकास पर निगरानी रखने को कहा गया।

शराब ठेकेदारों को निर्देश दिए गए कि ठेकों के

आसपास किसी को भी शराब पीने की अनुमति न दें। वहां शराब पीकर हुड़दंगबाजी करने या शांति

व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधियों

को दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने तथा रात के समय

चौकीदारों की नियमित ड्यूटी लगाने को कहा गया।

मेडिकल स्टोर संचालकों को बिना वैध चिकित्सकीय

पर्ची के उन दवाइयों की बिक्री नहीं करने की हिदायत दी गई, जिनके लिए डॉक्टर की लिखित

पर्ची अनिवार्य है। प्रतिबंधित नशीली टैबलेट और दवाइयों की अवैध बिक्री पर भी सख्ती

से रोक लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्राम सरपंचों को गांवों में रात्रि चौकीदारों की ड्यूटी निर्धारित करवाने

और प्रमुख रास्तों व संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने को कहा गया। एसपी सिद्धांत जैन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों

को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। बाजारों, संवेदनशील

स्थानों, पेट्रोल पंपों, बैंकों, एटीएम, ज्वैलरी शोरूम और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों

के आसपास पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778578 Articles

Share this story