आपात स्थिति में एचटेट अभ्यर्थियों काे पुलिस ने पहुंचाया परीक्षा केंद्र
-डायल-112 की टीमों ने 18 अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पहुंचाया
चंडीगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा के दौरान पैदा हुई आपात स्थिति के दौरान हरियाणा पुलिस ने 18 अभ्यर्थियों की मदद करते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाकर उनका भविष्य खराब होने से बचाया है। राज्य में 04 व 05 जुलाई को एचटेट परीक्षा का आयोजन किया गया था। इस दौरान राज्य के अलग-अलग शहरों में अभ्यर्थियों को ट्रैफिक जाम, वाहन खराब होना, सड़क दुर्घटना, गलत बस में बैठ जाना, परीक्षा केंद्र का रास्ता भटक जाना तथा परिवहन के साधन उपलब्ध न होना जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल की टीमों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को सुरक्षित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया, जिससे वे निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सके। हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने सभी पुलिस कर्मियों को बधाई देते हुए मंगलवार को बताया कि फतेहाबाद निवासी निशा परीक्षा देने के लिए रतिया बस स्टैंड पहुंची थीं लेकिन परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए उन्हें कोई साधन नहीं मिल रहा था। उन्होंने डायल-112 पर सहायता मांगी। सूचना मिलते ही ईआरवी टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और निशा को रतिया बस स्टैंड से मनोहर मेमोरियल कॉलेज, फतेहाबाद स्थित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित एवं समय पर पहुंचाया।
भिवानी की उर्मिला देवी को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ा। उन्होंने डायल-112 पर संपर्क किया। ईआरवी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यू बस स्टैंड, भिवानी से महाराजा नीमपाल कॉलेज, भिवानी स्थित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया।
हिसार में योगेश अपनी पत्नी दिव्या को परीक्षा दिलाने के लिए दोपहिया वाहन से परीक्षा केंद्र लेकर जा रहे थे। रास्ते में उनका सड़क हादसा हो गया, जिससे उनका वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद दोनों काफी परेशान हो गए क्योंकि परीक्षा का समय नजदीक था। सूचना मिलते ही डायल-112 की ईआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस टीम ने दिव्या को गंगवा स्थित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया।
झज्जर की निशा अनजाने में गलत बस में बैठ गईं और बेरी बस स्टैंड पहुंच गईं। जब उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ तो परीक्षा का समय निकट था और उनके पास परीक्षा केंद्र पहुंचने का कोई साधन नहीं था। उन्होंने तुरंत डायल-112 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही ईआरवी टीम मौके पर पहुंची और उन्हें बेरी बस स्टैंड से संस्कारम पब्लिक स्कूल, खातीवास (झज्जर) स्थित परीक्षा केंद्र तक समय पर पहुंचाया।
रोहतक की स्वीटी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कठिनाई हो रही थी। सूचना मिलने पर ईआरवी टीम ने उन्हें नेकीराम कॉलेज, रोहतक से किशोरी कॉलेज, रोहतक स्थित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया। स्वीटी ने कहा, डायल-112 की त्वरित कार्रवाई और पुलिसकर्मियों के सहयोग ने मुझे समय पर परीक्षा दिलाई। हरियाणा पुलिस ने वास्तव में अभिभावक की भूमिका निभाई है।
गुरुग्राम की अमृता समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पा रही थीं। उन्होंने डायल-112 पर सहायता मांगी। ईआरवी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उन्हें सेक्टर-21 हुडा मार्केट, गुरुग्राम से डीएलएफ-2, फेज-5, सेक्टर-19 स्थित परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाया। अमृता ने कहा, समय कम था और मैं काफी घबराई हुई थी। हरियाणा पुलिस ने तुरंत मदद कर मुझे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

