जींद : कॉलेज छात्रा को एक दिन के लिए बनाया महिला थाना प्रभारी
जींद, 25 फ़रवरी (हि.स.)। महिला सशक्तिकरण को चरित्रार्थ करते हुए महिला थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मोनिका के नेतृत्व में प्रियदर्शिनी इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की छात्रा ओजशी को बुधवार को एक दिन के लिए एसएचओ की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अनूठे प्रयोग का उद्देश्य युवाओं विशेषकर छात्राओं व महिलाओं में पुलिस कि कानूनी कार्य प्रणाली एवं सुरक्षा और न्याय प्रणाली के प्रति विश्वास और जागरूक करना रहा। इस कार्यक्रम के तहत छात्रा ने महिला थाना की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा कि थाने में किस प्रकार के प्रकरण दर्ज होते हैं तथा महिलाओं से संबंधित अपराध जैसे घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीडऩ, छेड़छाड़, साइबर उत्पीडऩ, बच्चों से संबंधित अपराध जैसे बाल शोषण, गुमशुदगी, बाल विवाह तथा ऑनलाइन ठगी, ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में पुलिस किस प्रकार त्वरित कार्रवाई करती है।
छात्रा एसएचओ ने संवाद के माध्यम से यह संदेश दिया कि पुलिस सिर्फ कानून लागू करने वाली संस्था ही नहीं बल्कि समाज की संरक्षक और सहयोगी है। उन्होंने छात्राओं, अभिभावकों व आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या शंका होने पर निडर होकर पुलिस से संपर्क करें। पुलिस विभाग हमेशा आमजन के लिए सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए 24 घंटे तत्पर रहती है।
महिला थाना प्रभारी मोनिका ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं खासकर छात्राओं, युवाओं को यह समझाना है कि थाना एक डर का स्थान नही बल्कि न्याय और सुरक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि जब छात्रा द्वारा स्वयं एक दिन के लिए ये जिम्मेवारी निभाई है तो उसमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है तथा पुलिस कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा व समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर थाना परिसर में आए शिकायतकर्ताओं कि शिकायतों को सुना, समझा ओर उचित एवं त्वरित समाधान के लिए शिकायत संबंधित को प्रेषित किया गया। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से नागरिकों में पुलिस कार्य प्रणाली जानने, उनकी शिकायतों का समाधान करने तथा जनता में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ाना है। भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से कानून व्यवस्था सुदृढ बनाने, नागरिक कर्तव्यों के बोध बारे व अपराध नियत्रंण में आमजन की भागेदारी सुनिश्चित की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

